बदरीनाथ धाम।तेलंगाना के फायरब्रांड नेता और प्रखर हिंदुत्ववादी आवाज के रूप में विख्यात टी राजा सिंह ने सपरिवार भगवान बदरीविशाल के दरबार में हाजिरी लगाई। धाम पहुँचने पर उन्होंने सविधि भगवान बदरीनाथ की पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
भगवान बदरीविशाल के दर्शनों के उपरांत टी राजा सिंह ज्योतिर्मठ के परिसर पहुँचे। यहाँ उन्होंने परमाराध्य परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्रीः अविमुक्तेश्वरानंदः सरस्वती ‘१००८’ महाराज की प्रतिष्ठित गद्दी और उनकी पवित्र पादुकाओं के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उन्होंने ज्योतिर्मठ के प्रभारी स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि से शिष्टाचार भेंट की। स्वामी जी ने टी राजा सिंह को भगवान का प्रसाद एवं शुभाशीष प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि टी राजा सिंह को गौ-सेवा और गौ-रक्षा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए पूज्यपाद शंकराचार्य महाराज पूर्व में ‘रजताक्षर’ सम्मान से विभूषित कर चुके हैं। भेंट के दौरान गौ-संवर्धन और हिंदुत्व के मुद्दों पर संक्षिप्त चर्चा भी हुई। ज्योतिर्मठ की ओर से उनकी धर्मनिष्ठा और साहसी प्रयासों की पुनः सराहना की गई।

