चमोली। बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पिछले चार दिनों से लगातार बंद होने के कारण निजमुला घाटी के दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। सड़क बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आए तीर्थयात्री और पर्यटक भी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। गुजरात के जामनगर से आए यात्रियों का एक दल भी पिछले चार दिनों से मार्ग पर फंसा हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क खोलने के लिए लगाई गई जेसीबी मशीन तकनीकी खराबी के चलते बीच सड़क पर ही खड़ी है। चार दिन बीत जाने के बावजूद न तो संबंधित ठेकेदार ने वैकल्पिक मशीन की व्यवस्था की है और न ही खराब मशीन की मरम्मत कराई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग और प्रशासन को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक मार्ग सुचारु कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
मार्ग बंद रहने से क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। मरीजों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को जोखिम भरे पैदल मार्गों से आवाजाही करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, गुजरात के जामनगर से आए यात्रियों के सामने भोजन, ठहरने और सुरक्षित आवागमन की समस्या भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार चार दिनों से मार्ग बंद रहने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे क्षेत्र में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक मशीन तैनात कर मार्ग खोलने, फंसे यात्रियों के लिए राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवागमन शीघ्र बहाल करने की मांग की है।

