पीपलकोटी/चमोली। नगर पंचायत पीपलकोटी एवं बंड नागपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने टीएचडीसी से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं, परियोजना प्रभावित लोगों की मांगों तथा पूर्व बैठकों में दिए गए आश्वासनों पर कार्रवाई न होने का मामला प्रमुखता से उठाया गया।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि टीएचडीसी द्वारा कई महत्वपूर्ण जन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक अधिकांश मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। इससे क्षेत्र की जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही टीएचडीसी अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी जन मुद्दों की समीक्षा कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है और परियोजना प्रभावित क्षेत्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी,मनोरमा देवी, नरेंद्र पोखरियाल,मुकेश रावत, राकेश नवानी, आदि लोग शामिल थे।


