चमोली।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज होम्योपैथिक चिकित्सालय निजमुला ब्यारा में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीएचओ डॉ. पुंडीर की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर योग अनुदेशक भीम सिंह एवं महिला योग प्रशिक्षक ममता गड़िया द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान ब्यारा राजेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान बृजलाल, साधन सहकारी समिति के सचिव कुंवर सिंह, फार्मासिस्ट कैलाश चमोली, मुनि देवी, आशा कार्यकर्ता सहित ब्यारा, सैंजी और गाड़ी गांवों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सभी लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन एवं निरोगी समाज के संकल्प के साथ किया गया।


