चमोली।चमोली पुलिस द्वारा हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत यात्रा मार्ग पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चौकी प्रभारी घांघरिया उपनिरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भ्यूंडार से तक विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच में कुछ दुकानदारों द्वारा ईडीसी की निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने तथा तय दरों से अधिक मूल्य वसूलने की शिकायतें सामने आईं। पुलिस ने संबंधित दुकानदारों को चेतावनी देते हुए निर्धारित रेट लिस्ट लगाने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
धार्मिक स्थल क्षेत्र में बीड़ी, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान स्थानीय कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों का सत्यापन किया गया तथा सभी से धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस ने पुलिस एक्ट के तहत 41 चालान तथा कोटपा अधिनियम के तहत 22 चालान किए। इस प्रकार कुल 63 चालानों के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
वहीं, नन्दप्रयाग क्षेत्र में चलाए गए सत्यापन अभियान के दौरान जस्सू कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार सीटू कुमार द्वारा कार्यरत मजदूरों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया जाना पाया गया। इस गंभीर लापरवाही पर पुलिस ने पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत 10,000 का चालान किया।
चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद की सुरक्षा, हेमकुंड साहिब यात्रा की सुव्यवस्था तथा धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए सत्यापन एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


